न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बुधवार को जनपद के 62 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। इसमें 2612 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें 2470 लोगों को प्रथम डोज लगाई गई। इस दौरान 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह का कहना है कि वैक्सीन लगने के बाद भी सभी का मास्क पहनना व शारीरिक दूरी का पालन करना बेहद जरूरी है। एसीएमओ डॉ. सिंह ने बताया कि कोविड -19 टीकाकरण के बाद भी हमें उतनी ही सावधानी बरतनी होगी, जितनी हम उससे पहले बरतते हैं। टीकाकरण के बाद मास्क लगाना, सैनिटाइजर का इस्तेमाल, सामाजिक दूरी व अन्य प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि टीका संक्रमण से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने के साथ हमारी सुरक्षा भी करेगा। इस समय बचाव का सबसे कारगर तरीका है मास्क पहनना व दो गज दूरी का पालन करना। जिससे संक्रमण के फैलने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। उन्होंने बताया कि जिले में बृहस्पतिवार को आठ केंद्रों पर टीकाकरण होगा। जिसमें जिला अस्पताल व सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।