न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
क्षेत्र के गांव मड़नई में बुधवार की देर शाम 12 साल के एक किशोर के संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन द्वारा गांव में संक्रमित के घर से 250 मीटर के एरिया को हॉट स्पॉट कर दिया गया। बृहस्पतिवार को गांव के गली-मोहल्लों में बांस-बल्लियों की बैरिकेडिंग कर रास्तों को सील कर दिया गया। यह हर तरह की आवाजाही और किसी भी प्रकार की गतिविधि पर रोक लगा दी गई है। एसडीएम राजेश कुमार और एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम ने भी गांव का दौरा किया और हॉट स्पॉट की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गांव में बैरीकेडिंग कराने के साथ ही पूरे गांव को सैनिटाइज भी कराया गया। एसडीएम ने बताया कि गांव मड़नई में संक्रमित किशोर के घर से 250 मीटर परिधि के अंतर्गत क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इस एरिया में समस्त प्रकार की गतिविधियां अग्रिम आदेशों तक पूर्णत: बंद रहेंगी। उक्त ऐरिया में आवश्यक सेवाओं से संबंधित जैसे दवा, खाद्यान्न आदि दुकानों को सुबह नौ से रात आठ बजे दी गई छूट को अग्रिम आदेश तक वापस लिया गया है।
आवश्यक वस्तुओं दवा, खाद्यान्न, फल, दूध, सब्जी आदि की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से कराई जाएगी। उन्होंने गांव के लोगों से अपील की कि हॉट स्पॉट में लोग घरों से बाहर न निकलेें। बेवजह नहीं घूमें। यदि ऐसा पाया जाता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। अग्रिम आदेशों तक हॉट स्पॉट के नियम लागू रहेंगे। गांव में स्वास्थ्य महकमे की टीम ने भी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
किराना, पानी, फल-सब्जी, दूध की होगी होम डिलीवरी
हॉट स्पॉट क्षेत्र ग्राम सभा मड़नई में होम डिलीवरी करने वालों की सूची प्रशासन ने जारी कर दी है। इस सूची के मुताबिक, शेर खां, बृजराज, रवि कुमार, महेश भट्ट किराना सामान की होम डिलीवरी करेंगे तो वहीं यशवीर, श्यामबाबू, विक्रम सिंह फल और सब्जी घरों तक पहुंचाएंगे। दवा की होम डिलीवरी नेक मोहम्मद, पानी की होम डिलीवरी रामवीर सिंह और दूध की होम डिलीवरी जगवीर सिंह द्वारा की जाएगी। प्रशासन ने इनके मोबाइल नंबर भी जारी कर दिए हैं।