हाथरस: बिजली कटौती की समस्या को लेकर बिजली अधिकारियों से वार्ता करते नगर पालिकाध्यक्ष।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर और देहात में हो रही कई-कई घंटे की अघोषित बिजली कटौती पर नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने अपने कार्यालय पर विद्युत अधिकारियों से इस सिलसिले में चर्चा की और कटौती पर रोक लगाने की मांग की।
नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने इस सिलसिले में दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर कहा है कि इस समय कोरोना महामारी का कहर व्याप्त है। गर्मी भी अपने तेवर दिखा रही है। पिछले कई दिन से दोपहर के समय बिजली कटौती की जा रही है। विद्युत ट्रांसफार्मर व तारों में आग लग रही है। रोजाना आठ घंटे की कटौती हो रही है, जिससे सभी लोग परेशान हैं। बिजली नहीं आने से लोग घरों से बाहर भी घूमते हैं।
पत्र में उन्होंने कहा है कि वह कई बार इस सिलसिले में डीएम से भी वार्ता कर चुके हैं और उन्हें पत्र भी लिख चुके हैं। शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर हाथरस नगर में 24 घंटे की बिजली आपूर्ति की जानी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा, इसलिए 24 घंटे की बिजली आपूर्ति दी जाए, जिससे कोरोना महामारी में लोग ज्यादा से ज्यादा समय अपने घर पर बिता सकें। नगर पालिकाध्यक्ष ने इसे लेकर बिजली विभाग के एसई, एक्सईएन, एसडीओ से भी वार्ता की।