न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड सहपऊ के खंड शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण के दौरान कई स्कूल बंद मिले थे। इसके अलावा कई शिक्षक शिक्षिकाएं लंबे समय से अनुपस्थित मिले। इसकी रिपोर्ट बीएसए को दी गई। इस आधार पर अब बीएसए ने ऐसे 21 शिक्षक-शिक्षिकाओं व शिक्षामित्रों को नोटिस जारी कर अनुपस्थित रहने का कारण पूछा है।
एबीएसए सहपऊ वीएन दैपुरिया को 30 जुलाई को प्राथमिक विद्यालय नगला रामचंद्र बंद मिला था। यहां की शिक्षिका नेहा कुशवाहा, मिथलेश कुमारी, मनोज कुमार और शिक्षामित्र बच्चू सिंह को नोटिस जारी कर कारण पूछा गया है। संविलियन विद्यालय नगला सरजू की मीनाक्षी वर्मा 11 जुलाई से गैरहाजिर चल रही हैं। प्राथमिक विद्यालय गढ़ी एवरन की शिक्षामित्र विनय कुमारी एक जुलाई से अनुपस्थित हैं। इन दोनों को भी नोटिस दिया गया है। 24 जुलाई को किए गए निरीक्षण में उच्च प्राथमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय मकनपुर बंद मिला, जिस पर सीमा जैसवाल, मुनेश कुमार, रघुनंदन सिंह और सौरभ अग्रवाल को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
28 जुलाई को प्राथमिक विद्यालय बंद पाया गया, जिसके लिए शिक्षक वीरेंद्र सिंह, सुनील कुमार परिहार, शिक्षामित्र दलवीर सिंह व ऊषा को नोटिस दिया गया है। एक जुलाई का एबीएसए को निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय छतारा बंद मिला था। इसे लेकर देवेश ग्रोवर, ज्योति, सर्वेश कुमारी, सतीशचंद्र, इंद्रेश शर्मा को नोटिस दिया गया है। एक जुलाई को प्राथमिक विद्यालय मांगरू बंद मिलने पर शिक्षामित्र मुकेश चौहान व सुनीता देवी को नोटिस जारी कर कारण पूछा गया है।
एबीएसए की रिपोर्ट पर 21 शिक्षक-शिक्षिकाओं व शिक्षामित्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं दिए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज कुमार मिश्र, बीएसए।