न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में डीएपी की किल्लत अब कम होने लग गई है। शासन की ओर से मांग के अनुसार 2000 एमटी डीएपी को जिले को मुहैया कराया गया है। डीएपी की समितियों से आई मांग के अनुरूप भेजा जा रहा है। जल्द ही जिले में 1750 एमटी डीएपी की रैक भी पहुंच जाएगी।
जिले में डीएपी की किल्लत को दूर करने के लिए कृषि विभाग की ओर से लगातार शासन को डीएपी भेजी जा रही थी। हालांकि जिले में अब डीएपी का पर्याप्त स्टॉक होने के साथ ही डीएपी की किल्लत कम होती जा रही है। कृषि विभाग की ओर से समितियों की ओर से भेजी गई मांग के अनुसार शासन को 3750 एमटी की मांग भेजी गई थी। इस मांग के क्रम में शासन की ओर से जिले में 2000 एमटी डीएपी को भेजा गया है।
डीएपी को कृषि विभाग की ओर से सभी समितियों को भेजा जा रहा है, जिससे किसानों को डीएपी के लिए भटकना नहीं पडे़गा। जिला कृषि अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि सभी समितियों पर अब पर्याप्त मात्रा में डीएपी है। उन्होंने बताया कि 1750 एमटी डीएपी जल्द ही जिले में पहुंचेगी। डीएपी को भी किसानों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं निजी उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉकों का भी लगातार सत्यापन कराया जा रहा है। संवाद