न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
एसडीएम राजेश कुमार ने बुधवार को सादाबाद तहसील सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और लेखपालों व राजस्व निरीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी लेखपालों को 20- 20 मेडिसिन किट का वितरण किया गया। इन किटों का वितरण आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गांव में बुखार आदि से पीड़ित लोगों को किया जाएगा, जिससे कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकें। किट प्राप्त करने वाले लोगों की सूची भी तैयार की जाएगी।
गौरतलब हो कि कोरोना महामारी के इस दौर में गांव गांव में बुखार आदि फैलने से रोकने के लिए निगरानी समितियां गठित की गई हैं। इन निगरानी समिति में लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सचिव, आशा, आंगनबाड़ी आदि शामिल हैं।
यह समिति गांव गांव में बुखार आदि से पीड़ित लोगों को दवा की किट प्रदान करेंगी। बैठक में एसडीएम राजेश कुमार ने सभी लेखपालों को आशा आदि के माध्यम से इन किटों को पीड़ितों तक पहुंचाए जाने के निर्देश दिए। सीएचसी प्रभारी डॉ दानवीर सिंह ने बताया कि निगरानी समिति दवा किट प्राप्त करने वालों का डाटा भी अपडेट रखे, जिससे कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा सके। इस मौके पर तहसीलदार ज्योत्यसना सिंह, नायब तहसीलदार राकेशचंद्रा आदि मौजूद रहे।