न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के सभी 27 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं वितरित कीं। स्टॉल लगाकर लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
दो शहरी सहित 25 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हुआ। मेलों में आए विभिन्न बीमारियों से पीड़ित करीब 1,719 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी गईं। इनमें 789 पुरुष, 669 महिलाएं और 261 बच्चे शामिल रहे। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजेश राठौर और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुर कुमार ने कौमरी व बसईकाजी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मेले में चिकित्सा अधिकारियों के साथ अन्य स्टाफ द्वारा पूरी मुस्तैदी के साथ लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें दवाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मधुर कुमार ने बताया कि रविवार को जिले के सभी 27 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का आयोजन किया गया।