हाथरस: सादाबाद कोतवाली पर खाते से 17 हजार रुपये पार होने की शिकायत करने पहुंचा पीड़ित।
- फोटो : SADABAD
एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 17 हजार रुपये पार
शातिर जालसाज ने बड़ी चालाकी से दिया घटना को अंजाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद (हाथरस)। एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाते से रुपये निकालने की घटनाएं थम नहीं रहीं। बुधवार को एक महिला चौ. चरण सिंह तिराहे पर स्थित एटीएम से रुपये निकालने पहुंची तो वहां पहले से ही मौजूद एक शातिर जालसाज ने उसके एटीएम कार्ड को चालाकी से बदल दिया और उसके खाते से 17 हजार रुपये पार कर दिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर घटना की जानकारी हुई तो महिला ने इस संबंध में कोतवाली पर तहरीर दी है।
गांव नगला ब्राह्मण गुतहरा निवासी महिला राधा पत्नी धर्मेंद्र कुमार पांच फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे एटीएम से रुपये निकालने पहुंची थी। तभी वहां मिला युवक बोला कि तुम पर रुपये नहीं निकल रहे हैं तो मैं निकाल दूं। थोड़ी ही देर बाद यह युवक बोला कि उसे जल्दी है, यह कहते हुए यह युवक उसे उसका एटीएम कार्ड न देकर दूसरा एटीएम कार्ड दे गया।
बाद में उसके मोबाइल पर 17 हजार रुपये खाते से कम होने का मैसेज पहुंचा तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई। पीड़ित महिला कोतवाली में परिजनों के साथ पहुंची और कोतवाल को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले की तहरीर ले ली है।