न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
डीएम के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में आायोजित किए जा रहे शिविरों में अब तक विभिन्न योजनाओं के लिए कुल 15,206 आवेदन मिल चुके हैं। अब इन आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। इन आवेदनों में से पात्रता का निर्धारण किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से सबसे ज्यादा आवेदन वृद्धावस्था पेंशन के प्राप्त हुए हैं।
शासन की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए डीएम के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में सरकार की 12 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिए जाने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, शौचालय, आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, विवाह अनुदान, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
अब तक शिविरों के जरिये 15,206 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है, जिससे इन आवेदनों में से पात्रता की जांच कराई जा सके। पात्र मिलने वाले आवेदकों की सूची अलग से बनाई जाएगी। योजना का लाभ देने के दौरान इन आवेदनों में पात्र मिले आवेदकों को प्राथमिकता पर लाभ दिया जाएगा।