न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पहले चरण में जिले के करीब 12 हजार श्रमिकों को एक हजार रुपये की राशि मिलेगी। श्रम अधिकारियों ने ई-आधार वेरिफिकेशन का काम पूरा कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार इस सप्ताह में पात्रों के खाते में राशि पहुंच जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में रोजगार न मिलने पर रेहड़ी, पटरी, दुकानदार के अलावा अन्य श्रमिक परेशान हैं। सरकार ने इनके जीविकोपार्जन के लिए एक हजार रुपये की राशि देने का निर्णय लिया था। जिले के श्रम विभाग में करीब 35 हजार श्रमिक चिह्नित किए गए हैं।
इसमें से श्रम विभाग के अधिकारियों ने 12 हजार श्रमिकों का ई आधार वेरीफिकेशन का काम पूरा कर दिया है। इस सप्ताह उनके खाते में राशि पहुंच जाएगी। इस मामले में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहम्मद आजम का कहना है कि पहले चरण में 12 हजार श्रमिकों के खाते में इस सप्ताह राशि पहुंच जाएगी।