न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर की सीमा में तीन साल पहले शामिल हुए इलाकों को अब शहरी रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर एक दर्जन से अधिक नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। विद्युत उपकेंद्रों पर लगे पांच ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि होगी।
उल्लेखनीय है कि शहर में पहले 27 वार्ड थे। अब सीमा विस्तार के बाद इनकी संख्या 35 हो गई है। अब इन इलाकों को शहरी बिजली देने के लिए निगम स्तर से 11 करोड़ 15 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर निगम को भेज दिया गया है। 11 करोड़ 15 लाख की राशि से ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि के साथ नई लाइन बनाई जाएगी। इसमें विद्युत उपकेंद्रों पर लगे पांच बड़े ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी।
इसके अलावा 400 केवीए के पांच, ढाई सौ केवीए के सात के अलावा ढाई सौ केवीए के तीन नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। इसके बाद ही नगर पालिका क्षेत्र से जुड़े नए इलाकों को शहर के हिसाब से बिजली मिल सकेगी। ग्रामीण अंचल में बिजली विभाग का अच्छा-खासा बकाया पड़ा हुआ है। अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह का कहना है कि विस्तारित क्षेत्र में शहरी रोस्टर के हिसाब से बिजली देने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। उपभोक्ता समय से बिल जमा करें, ताकि निर्बाध आपूर्ति मिल सके। संवाद