न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से जिले की 445 ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त की धनराशि आवंटित कर दी गई है। शासन ने इन ग्राम पंचायतों में 12.75 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी है। इस धनराशि से ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन आदि निर्माण कार्य होंगे। जिले की 20 ग्राम पंचायतों में तकनीकी खराबी आने के कारण धनराशि नहीं पहुंच सकी है। अब इन ग्राम पंचायतों के खातों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है।
कोरोना के कारण इस वित्तीय वर्ष में 15वें वित्त की प्रथम किस्त ग्राम पंचायतों को देरी से प्राप्त हुई है। शासन ने जिले की 445 ग्राम पंचायतों में 15 में वित्त की प्रथम किस्त की धनराशि जारी कर दी है। शासन ने इन ग्राम पंचायतों में 12.75 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए भेज दिए हैं। इस धनराशि से ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।
शासन स्तर से ग्राम पंचायतों में धनराशि आवंटित की गई थी, लेकिन जिले की 20 ग्राम पंचायतों में तकनीकी दिक्कत आने के कारण 47.70 लाख रुपये की धनराशि खातों में नहीं पहुंच सकी है। अब इन खातों का सत्यापन कराने के शासन ने निर्देश जारी किए हैं। उधर, ग्राम पंचायतों में धनराशि के आवंटन होने के बाद डीपीआरओ बनवारी सिंह ने सभी पंचायत सचिव व ग्राम प्रधानों को सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि निर्माण कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर पालिका में शामिल नौ ग्राम पंचायतें रहीं अछूती
हाथरस। नगर पालिका सीमा विस्तार में जिले की नौ ग्राम पंचायत पूर्ण रूप से शामिल हुईं। हालांकि 12 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका के सीमा विस्तार में शामिल किया गया, लेकिन शेष तीन ग्राम पंचायतों की कुछ आबादी नगर पालिका की सीमा में नहीं आ सकी। इस कारण इन तीन ग्राम पंचायतों को तो 15वें वित्त की धनराशि से लाभान्वित किया गया। जिले की नौ ग्राम पंचायतें 15 वें वित्त की धनराशि से लाभान्वित नहीं हो सकीं।