न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन की ओर से बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज को राजकीय मेला घोषित करने की दिशा में पहला कदम उठाया गया है। शासन की ओर से इस बार मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि दी जा रही है। इसके लिए शासन की ओर से मेले का अलग से बैंक खाता खोलकर तत्काल ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मेला श्रीदाऊजी महाराज से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी है। मेले में विभिन्न कार्यक्रमों में देश की जानी-मानी हस्तियां भी शामिल होने आती हैं। मेले में होने वाले अखिल भारतीय कुश्ती दंगल में हिंद केसरी और भारत केसरी जैसे पहलवान भी मल्ल विद्या के करतब दिखाते हैं। मेले को राजकीय घोषित कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास चल रहा है। इस सिलसिले में लगातार पत्राचार भी किया गया है।
पहली बार मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन के लिए शासन की ओर राजकीय मेले की तर्ज पर 10 लाख रुपये की धनराशि मुहैया कराई जा रही है। शासन स्तर से प्रशासन को मेला श्रीदाऊजी महाराज का अलग से बैंक खाता खोलने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस खाते का संचालन जिलाधिकारी के माध्यम से होगा। राजकीय मेला घोषित होने के बाद इसके लिए पांच करोड़ रुपये तक की मदद शासन से मिल सकेगी, जिससे मेले को और ज्यादा भव्य तरीके से आयोजित किया जा सकेगा। संवाद