हाथरस के हसायन क्षेत्र के मंगलपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक अरुण गोविंद शर्मा की स्कूल का गेट बंद करते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई। 35 वर्षीय शिक्षक परिवार के इकलौते बेटे थे, दो बेटियां हैं।
हसायन के गांव मंगलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को बच्चों को पढ़ाने के बाद शिक्षक अरुण गोविंद शर्मा रोज की तरह स्कूल बंद करने लगे। गेट का ताला लगाते समय वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें हाथरस से अलीगढ़ ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
ममेरे भाई आकाश दीक्षित ने बताया कि 35 वर्षीय अरुण गोविंद शर्मा पुत्र रामनिवास, निवासी मंगलपुर, गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। बुधवार को उन्होंने सामान्य रूप से विद्यालय खोला और दोपहर तक बच्चों को पढ़ाया। छुट्टी के बाद वह स्कूल बंद करने के लिए गेट पर पहुंचे। उनके साथ विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद था। ताला लगाते समय वह जमीन पर गिर पड़े, उन्हें घबराहट होने लगी।
आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही परिजन उन्हें जिला अस्पताल, हाथरस लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है। बीएसए रणवीर सिंह का कहना है कि शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत की जानकारी मिली है।
विज्ञापन
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
अरुण गोविंद परिवार के इकलौते बेटे थे। 2019 में उनका विवाह हुआ था। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। विनय चतुर्वेदी, अरुण व चेतन शर्मा ने बताया कि वह बेहद मिलनसार थे। पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान, उमाशंकर शर्मा समेत अन्य लोगों ने उनकी मौत पर शोक जताया।