सासनी के नगला नाई गांव में जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी डांसर के साथ हुई छेड़खानी के मामले में बुधवार को एक नया मोड़ आया है। अपने व्यस्त कार्यक्रमों के चलते पिछले दो दिनों से बयान दर्ज कराने न आ पा रहीं डांसर ने बुधवार को हाथरस जिला न्यायालय पहुंचकर अपने बयान दर्ज करा दिए हैं।
इससे पहले, अलग-अलग शहरों में शो और व्यस्त शेड्यूल के कारण हरियाणवी डांसर सोमवार और मंगलवार को बयान दर्ज कराने नहीं आ सकी थीं, जिससे सासनी पुलिस लगातार उनका इंतजार कर रही थी। बुधवार को वह सासनी कोतवाली पहुंचीं, जहां से पुलिस टीम उन्हें सुरक्षा के बीच लेकर जिला न्यायालय (कोर्ट) पहुंची। अदालत में मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस (पूर्ववर्ती 164 सीआरपीसी) के तहत उनके बयान दर्ज किए गए, जिसके बाद वे वापस लौट गईं।
गौरतलब है कि तीन जून को सासनी के गांव नगला नाई में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में हरियाणवी डांसर को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान नगला नाई निवासी सुरेश कुमार ने स्टेज पर चढ़कर डांसर के साथ छेड़खानी कर दी थी। डांसर ने हिम्मत दिखाते हुए मंच पर ही युवक को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया था और अपशब्द कहे थे। डांसर ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल कर दिया था।
डांसर ने फिर जारी किया वीडियो
डांसर ने अपने इंस्टाग्राम पर फिर से वीडियो साझा किया है। बुधवार की सुबह जारी किए वीडियो में डांसर भावुक नजर आईं और अपने पिता का भी याद किया। उन्होंने कहा कि वे डरेंगी नहीं और पीछे नहीं हटेंगी। अपनी व समाज में महिलाओं पर हो रहे अपराध के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगी।
पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज करा दिए गए हैं। अब अदालत में दर्ज हुए इन बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-हिमांशु माथुर, सीओ सिटी