औद्योगिक आस्थान स्थित शकुंतला टैक्सटाइल फैक्टरी का मुख्य द्वार
- फोटो : संवाद
हाथरस के अलीगढ़ रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक टैक्सटाइल फर्म में राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम लिमटेड (एनएचडीसी) व विकास आयुक्त वस्त्र के अधिकारियों की टीम ने सर्वे किया। टीम के आने से औद्योगिक क्षेत्र में खलबली मच गई। चर्चा थी कि सेंट्रल जीएसटी की टीम ने छापा मारा है। बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर उद्यमियों ने राहत महसूस की। टीम ने टैक्सटाइल फर्म में कच्चा माल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया।
औद्योगिक क्षेत्र स्थित शकुंतला टैक्सटाइल नामक फर्म पर शुक्रवार सुबह भारत एनएचडीसी पानीपत व विकास आयुक्त वस्त्र की टीम पहुंची। टीम ने फर्म में पहुंचकर योजनाओं के तहत ली गई सुविधाओं की जानकारी ली। फर्म मालिक से फीड बैक लेकर योजनाओं की उपयोगिता की पूरी जानकारी ली। उन्होंने फर्म की आवश्यकताओं के बारे में भी पता किया।
राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम लिमिटेड पानीपत के रीजनल इंचार्ज पार्थ दास ने बताया कि वस्त्र मंत्रालय की ओर से ये नियमित सर्वे था, जिसमें एनएचडीसी के साथ आरएमएसएस व डब्ल्यूपीआईसी की टीम संयुक्त रूप से कार्य करती है। इसमें वस्त्र मंत्रालय की ओर से चलाई जाने वाली योजनाओं के अंतर्गत कच्चा माल आपूर्ति आदि की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
सेंट्रल जीएसटी के छापे की चर्चा से खलबली
हाथरस के कारोबारियों पर लगातार सेंट्रल जीएसटी की ओर से लगातार छापा मारा जा रहा। भारत सरकार लिखे वाहनों में आने वाली सेंट्रल जीएसटी की टीम ने उद्यमियों में खौफ पैदा किया हुआ है। शुक्रवार को शकुंतला टैक्सटाइल पर भारत सरकार लिखे वाहन के प्रवेश से खलबली मच गई। उद्यमियों में सेंट्रल जीएसटी की टीम के आने की चर्चा चलती रही।