अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग हुए घायल
तीन बाइक सवारों को गंभीर हालत में भेजा गया अलीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों को गंभीर हालत में अलीगढ़ भेजा गया है।
सासनी क्षेत्र के गांव चंदैया निवासी जुगनू पुक्ष वीरी सिंह, शरीफ व रफीक पुत्रगण रमेश गांव से पीपल के पत्ते शहर के बाजार में बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। इस दौरान अलीगढ़ रोड पर गांव रुहेरी के निकट सामने से आ रही मेटाडोर ने इन्हें रौंद दिया। इससे यह तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
इधर, मथुरा रोड पर हतीसा पुल पर चढ़ते समय एक टैंकर ने मारुति स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। इसमें कार सवार सजल अग्रवाल पुत्र प्रमोद अग्रवाल निवासी प्रेमनगर, रवि पुत्र मुकेश शर्मा घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। शुक्रवार की रात्रि में मथुरा रोड पर मधुगढ़ी चौराहे के निकट एक रोडवेज बस ने एक एंबुलेंस को टक्कर मार दी। इसमें एंबुलेंस चालक सुरेश कुमार घायल हो गया। वह एंबुलेंस को एक सूचना मिलने पर मरीज को लेने के लिए हतीसा जा रहा था। बाद में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।