परेशान किसानों ने आवारा गोवंश को किया खाली प्लॉट में बंद
गांव कलवारी व आसपास के गांवों के किसान आवारा गोवंश से काफी परेशान
ग्रामीणों का आरोप कि फसल को नष्ट कर रहे आवारा पशु और प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। आवारा पशुओं से किसान काफी परेशान हैं। कलवारी व आस-पास के गांवों के किसानों ने आवारा गौवंश को घेर कर कलवारी के निकट खाली पड़े प्लाट में बंद कर दिया। इस बात की सूचना प्रशासन के अधिकारियों को भी दी गई।
कलवारी, शहजादपुर, तरफरा, तेहरा, मीतई कटैलिया के किसान आवारा गोवंश से तंग आ गए हैं, क्योंकि यह किसान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन सभी गांवों के लोगों ने एकजुट होकर कलवारी के निकट खाली पड़े एक गेट बंद प्लॉट में आवारा गोवंश को इकट्ठा करने का प्लान बनाया और फिर इसे पूरा करने में लग गए। दो दिन से इन सभी गांवों के लोग आवारा गोवंश को घेर कर ला रहे हैं, अब तक 250 से अधिक आवारा गोवंश को इस प्लॉट में बंद किया जा चुका है।
इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दे दी गई है। कलवारी के ग्राम प्रधान राजकुमार पौनिया ने बताया कि अभी दो दिन तक तो हमें खुद इन गोवंश के खाने-पीने के पानी की व्यवस्था करनी है, लेकिन दो दिन के बाद जिला प्रशासन द्वारा इनकी खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी। यहां पर शहजादपुर ग्राम प्रधान सत्यवीर सिंह, तरफरा ग्राम प्रधान मेहराजुद्दीन, तेहरा से सतीश, मीतई से दुष्यंत, कटैलिया से राकेश मौजूद थे।