शहर के शोरूम में सजे आधुनिक डिजाइन के लेडीज सूट। संवाद
- फोटो : Samvad
शहर के बाजारों में इन दिनों चिकनकारी, फ्लोरल और मिनिमल डिज़ाइन वाले कॉटन सूट महिलाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। फैशन और आराम का बेहतरीन मेल होने के कारण इन सूटों की मांग लगातार बढ़ रही है।
नए ट्रेंड को देखते हुए दुकानदारों ने भी इन डिज़ाइनों का आकर्षक कलेक्शन बाजार में उतारा है। शहर के रामलीला मैदान, कोमल कॉम्प्लेक्स और पंजाबी मार्केट स्थित रेडीमेड व कपड़ा की दुकानों पर महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
चिकनकारी की बारीक कढ़ाई, फ्लोरल प्रिंट की आकर्षक डिजाइन और मिनिमल पैटर्न वाले कॉटन सूट युवतियों से लेकर महिलाओं तक को खूब लुभा रहे हैं। हल्के रंगों में उपलब्ध ये सूट गर्मी के मौसम में आरामदायक होने के साथ स्टाइलिश लुक भी प्रदान कर रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार भारी कढ़ाई और अधिक सजावटी सूटों की अपेक्षा हल्के और सादगीपूर्ण डिजाइनों की मांग अधिक है। इसी को ध्यान में रखते हुए चिकनकारी, फ्लोरल और मिनिमल डिजाइन वाले कॉटन सूटों का स्टॉक बढ़ाया गया है।
दुकानदार अमित ने बताया कि इस सीजन में चिकनकारी, फ्लोरल और मिनिमल डिज़ाइन वाले कॉटन सूट सबसे अधिक बिक रहे हैं। महिलाएं ऐसे परिधान पसंद कर रही हैं, जो ट्रेंड में होने के साथ पहनने में भी बेहद आरामदायक हों।
ग्राहक पूनम ने बताया कि उन्हें हल्के रंगों के चिकनकारी डिजाइन वाले कॉटन सूट सबसे ज्यादा पसंद हैं। उनके अनुसार ये गर्मी में आरामदायक रहते हैं और घर के साथ-साथ बाहर पहनने के लिए भी उपयुक्त हैं।