सीसीटीवी में कैद ठगी का आरोपी। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : Social Media
शहर के मुरसान गेट पर रविवार रात एक जन सेवा केंद्र संचालक से एक शातिर ठग ने न तो कोई पासवर्ड पूछा, न कोई ओटीपी मांगा, बल्कि पलक झपकते ही 10 हजार रुपये की डिजिटल लूट कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के कामरेड भगवानदास मार्ग (मुरसान गेट) स्थित लालसा गली की है। यहां शैलेंद्र कुमार सिंह जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं। रविवार की रात करीब नौ जब बाजार बंद हो रहा था, तभी एक स्कूटी सवार युवक दुकान पर आया।
युवक ने संचालक शैलेंद्र से कहा कि उसे बेहद जरूरी काम है और उसे अपने एक क्यूआर कोड पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवाने हैं। उसने संचालक को अपने मोबाइल फोन में क्यूआर कोड दिखाया।
संचालक ने जैसे ही 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए, वैसे ही खेल हो गया। रुपये ट्रांसफर होने का मेसेज आते ही शातिर युवक ने संचालक को नकद रुपये देने के बजाय तुरंत अपनी स्कूटी स्टार्ट की और स्कूटी लेकर फरार हो गया।
जब तक सीएससी संचालक कुछ समझ पाते और शोर मचाते, शातिर ठग आंखों से ओझल हो चुका था। उसकी यह पूरी करतूत केंद्र लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में ठग का चेहरा और उसकी स्कूटी साफ नजर आ रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि प्रकरण में जांच की जा रही है।