रतनगर्भ कॉलोनी में चोरी की घटना में बरामद सोने के आभूषण। स्रोत : पुलिस विभाग
- फोटो : Samvad
कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने रतन गर्भा कॉलोनी के एक बंद मकान से हुई लाखों रुपये के चोरी के आभूषण खरीदने वाला एक सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए हार, चेन और अंगूठी बरामद की हैं।
रतन गर्भा कॉलोनी निवासी मंजू शर्मा पत्नी पवन शर्मा पांच दिसंबर को एक शादी समारोह में अलीगढ़ गई हुई थीं। घर पर ताला लगा हुआ था। बंद मकान में बदमाश ताला तोड़कर घुस गए थे। अलमारियों से कीमती सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर लिए। मंजू शर्मा ने कोतवाली हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कराया था। 31 जनवरी को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए एक चोर को गिरफ्तार किया था।
घटना में अभियुक्त चन्द्रशेखर वांछित चल रहा था। शनिवार को पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले सुनार चंद्रशेखर पुत्र छोटेलाल आर्य निवासी गांव ऐंहन को गांव टिपरस के पास से गिरफ्तार कर लिया। इससे चोरी का एक हार, दो अंगूठी व एक चेन पीली धातु बरामद की है। चंद्रशेखर ने बताया कि कि उसने एमए तक पढ़ाई की है। ऐंहन में ज्वैलर्स की दुकान है। चोरी के जेवर करीब एक माह पूर्व लालच में आकर गांव के ही सचिन, गोपाल व सोलू से सस्ते दामों में खरीदे थे।