शहर के सराफा बाजार में गाजियाबाद पुलिस की दबिश के दौरान लगी भीड़। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस। गाजियाबाद में वसुंधरा क्षेत्र के बिल्डर के घर से करीब 20 लाख रुपये का सोना चोरी कर चालक ने हाथरस के सराफ को बेच दिया था। करवा चौथ पर चोरी की जानकारी होने पर इंदिरापुरम थाने में शिकायत की गई।
गाजियाबाद पुलिस चालक को लेकर सराफा बाजार में सराफ तक पहुंची तथा छानबीन की। कार्रवाई से बाजार में खलबली मची रही। इंदिरापुरम कोतवाली के एसआई अनीस गौतम शनिवार की दोपहर फोर्स के साथ सराफा बाजार पहुंचे। यहां ड्राइवर की निशानदेही पर मोती बाजार के कोने पर स्थित सराफ विष्णु वार्ष्णेय की दुकान पर पहुंचे।
चालक ने कहा कि उसने सोना इसी सराफ को 2.5 लाख रुपये में बेचा है और अंदर से रुपये निकालकर सराफ ने उसे थमाए थे। पुलिस की पूछताछ के बाद बाजार में खलबली मच गई। व्यापारी नेता मोहनलाल अग्रवाल व अन्य सराफा व्यापारी मौके पर पहुंच गए।
सराफ ने सफाई दी कि वह चालक को नहीं जानता और न ही उसने कोई सोना खरीदा है। सराफ के पक्ष में व्यापारी भी उतर आए। बाजार में करीब तीन घंटे तक गहमा-गहमी होती रही। पुलिस ने चालक से भी सवाल-जवाब किए। इसके बाद पुलिस चालक को लेकर खाली हाथ गाजियाबाद लौट गई।
करवा चौथ पर हुई थी जानकारी
गाजियाबाद पुलिस के अनुसार चोरी एक महीने पहले हुई थी, लेकिन बिल्डर को जानकारी बृहस्पतिवार को करवा चौथ वाले दिन तब हुई, जब उनकी पत्नी ने पहनने के लिए जेवर देखे तो कई जेवर अपने स्थान पर नहीं थे। घर में चालक की एंट्री थी, इसलिए शक उसी पर गया। इंदिरापुरम कोतवाली में शिकायत की गई, जिसके बाद चालक को पुलिस ने उठाया लिया। चालक ने चोरी कबूल कर ली। एसएचओ इंदिरापुरम अजय कुमार ने बताया कि शिकायत पर जांच की जा रही है। चालक हाथरस के पास का ही रहने वाला है। सराफ के खिलाफ पुख्ता सबूत नहीं मिले है। आशंका है कि वह गुमराह कर रहा हो।