हाथरस। सोने के भाव में आई तेज गिरावट ने सराफा बाजार की तस्वीर बदल दी है। पिछले करीब एक महीने में दाम लगभग 12 फीसदी तक टूटने से ग्राहकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
जहां एक ओर सस्ते होते सोने से नई खरीदारी करने वालों को राहत की उम्मीद दिख रही है, वहीं धनतेरस या उससे पहले ऊंचे दामों पर गहने खरीद चुके शादी वाले परिवारों को दाम और गिरने पर अफसोस हो रहा है। शनिवार को बाजार में सोने के भाव नरमी के रुख के साथ कारोबार करते दिखे।
स्थानीय व क्षेत्रीय बाजार रुझानों के मुताबिक, हाथरस और आसपास के सराफा बाजार में शनिवार को 24 कैरेट सोना करीब 1,26,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रहा, जबकि 22 कैरेट सोने के दाम लगभग 1,16,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास दर्ज किए गए। वहीं, 18 कैरेट सोने के भाव लगभग 96,300 से 98,840 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब रहे।
सराफा कारोबारी सौरभ अग्रवाल ने बताया कि पिछले एक महीने में सोने की कीमतों में तेज करेक्शन आया है और भाव करीब 12 फीसदी तक फिसले हैं। उनके अनुसार, एक महीने के भीतर प्रति 10 ग्राम पर 16,000 से 23,000 रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि धनतेरस के समय के मुकाबले अब तक सोना 15 हजार रुपये तक सस्ता हो चुका है।
सौरभ अग्रवाल ने कहा कि दामों में इस बड़ी गिरावट के बाद ग्राहक फिलहाल असमंजस में हैं। कई ग्राहक यह इंतजार कर रहे हैं कि भाव और नीचे जाएं। बाजार में पूछताछ बढ़ी है, लेकिन खरीदार रेट स्थिर होने और आगे के रुख को देखकर कदम बढ़ा रहे हैं।