हाथरस। उत्तर-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनूप सक्सेना 11 मार्च को हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन का मुआयना कर सकते हैं। इसके मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। रोजाना मंडल रेल प्रबंधक इलाहाबाद के कार्यालय के अफसरों के स्टेशन पर दौरे हो रहे हैं। अफसर जीएम के दौरे की तैयारियां परखने यहां पहुंच रहे हैं और जो कमियां मिलती हैं, उन्हें दूर कराया जा रहा है।मंडल कार्यालय के सहायक परिचालन प्रबंधक और यातायात निरीक्षक ने भी हाथरस जंक्शन स्टेशन पर पहुंचकर जीएम के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने ट्रैक के आसपास चल रही रंगाई-पुताई और तकनीकी रखरखाव का काम भी देखा। इसमें कमियां मिलने पर अपने सामने ही इन्हें दूर कराया। स्टेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां एकदम चाक-चौबंद होनी चाहिए। जल्द ही डीआरएम वीके त्रिपाठी भी फिर से यहां आकर तैयारियों का जायजा लेंगे। लगातार अधिकारियों के दौरों के चलते स्टेशन स्टाफ के हाथ-पांव फूले हुए हैं। 11 मार्च से पहले तक यह सिलसिला और तेज हो सकता है।