संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
तहसील में कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियों की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एमओआईसी व स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए। जनपद में वैक्सीनेशन के लिए नौ जगहों का चयन किया गया है जिसमें सात सीएचसी एवं दो स्थान डिस्ट्रिक्ट हेड क्वार्टर पर होंगे। टीकाकरण के लिए सभी लाभार्थी आधार से लिंक होंगे एवं रोस्टर के अनुसार उनके मोबाइल पर 24 घंटे पहले एसएमएस के माध्यम से उनके टीकाकरण संबंधी रोस्टर की सूचना प्रेषित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित स्थानों पर कोल्ड चेन की व्यवस्था सुदृढ़ की जा चुकी है एवं शासनादेशों के अनुरूप सभी जगह निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। सभी संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों की ट्रेनिंग पूर्ण कर ली गई है। टीकाकरण तीन चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में हेल्थ केयर वर्कर्स, द्वितीय चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स एवं तृतीय चरण में जिनकी उम्र या तो 50 वर्ष से अधिक हो या और वह किसी और रोग से ग्रसित हो।
प्रथम चरण के लिए 6028 लोगों को चिह्नित किया गया है। हर टीकाकरण स्थल पर स्वास्थ्य कर्मियों की टीम उपस्थित रहेगी ताकि टीकाकरण के बाद अगर किसी भी तरह की कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या आती है तो उसका तत्काल निवारण किया जा सके। माइक्रो प्लान तैयार किए जा चुके हैं एवं टीकाकरण से संबंधित अग्रिम दिशा निर्देश प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से माइक्रो प्लान एवं रोस्टर को लागू किया जाएगा।