मथुरा रोड स्थित एक गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की कतार
- फोटो : संवाद
गैस संकट के बीच प्रशासन ने 5 अप्रैल को गैस एजेंसियां खोलने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, उसके बावजूद हाथरस नगर पालिका मार्केट स्थित गैस एजेंसी बंद रही। मथुरा रोड स्थित एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अव्यवस्था का आलम यह रहा कि दो से तीन घंटे लाइन में लगने के बाद भी कई उपभोक्ताओं को बिना सिलिंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा।
गैस किल्लत और केवाईसी के नाम पर हो रही देरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। कई उपभोक्ता अपनी दिहाड़ी छोड़कर पिछले एक सप्ताह से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। 5 अप्रैल को मथुरा रोड स्थित एजेंसी पर लंबी लाइन में लगे लोगों ने बताया कि उन्हें कभी सर्वर डाउन होने तो कभी बुकिंग न होने की बात कहकर टरका दिया जाता है। प्रशासन के आदेशों के बाद भी कुछ एजेंसियों के बंद रहने से उपभोक्ताओं में भारी रोष देखा गया।
मैं मजदूरी करता हूं। आठ दिनों से काम छोड़कर गैस सिलिंडर के लिए भटक रहा हूं। कभी कहते हैं केवाईसी नहीं हुई, तो कभी सर्वर की समस्या बता देते हैं। आज तीन घंटे लाइन में लगने के बाद आठवें दिन सिलिंडर मिल मिल पाया है। - सतीश कुमार, निवासी नगला भोजा
बुकिंग कर लाइन में लगा था। तीन घंटे बाद जब गेट पर पहुंचा तो कर्मचारी बोले कि तुम्हारी बुकिंग ही नहीं हुई है। अब कह रहे हैं कि सर्वर बिजी है, बाद में आना। - अंकुश, निवासी नगला तुंदला
सभी गैस एजेंसियों पर स्टॉक सुनिश्चित किया जा रहा है। एजेंसी किस कारण से बंद थी, इसकी जानकारी की जाएगी।-ध्रुवराज यादव, डीएसओ