फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: हतीसा बाईपास पर गैंगवार, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका

Sat, 20 Jun 2026 02:36 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
प्रतीकात्मक चित्र। - फोटो : Archive
विज्ञापन
हतीसा बाईपास स्थित कैलाश ढाबा के पास बृहस्पतिवार शाम सात बजे थार-स्कॉर्पियो और बुलेट सवार करीब 25 लोग आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच हुई गैंगवार में करीब 20 से 25 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस के अनुसार इनमें एक गुट हिस्ट्रीशीटर मोना ठाकुर का और दूसरे गुट में गंगचौली निवासी उनके विरोधी गुट के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।
विज्ञापन

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात और फायरिंग के चलते वहां से गुजर रहे यात्री और वाहन चालक दहशत में आ गए। बड़े वाहनों के चालक अपनी गाड़ियां सड़क पर छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगे। फायरिंग की आवाज से बाईपास पर कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। आसपास के ढाबों पर खाना खा रहे लोग और ढाबा संचालक व कर्मी भी अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग खड़े हुए।
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक दोनों गैंग के सदस्य भाग गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार हाथरस बाईपास पर कैलाश ढाबे के पास अचानक एक स्कॉर्पियो, एक वैगनआर, एक बुलेट मोटरसाइकिल और अन्य छोटी गाड़ियों से उतरे लोग आमने-सामने आ गए।
विज्ञापन

दोनों पक्षों ने गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताते हैं कि एक गैंग के सदस्य दूसरे गैंग के किसी सदस्य को उठाने के लिए आए थे। इनके बीच पुरानी रंजिश होने की बात भी सामने आई है। ताजा विवाद वर्चस्व और प्रॉपर्टी विवाद में होने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने बरामद किए खोखे, रातभर चली दबिश
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां से पुलिस को 12 बोर और 0.315 बोर के दो-दो खोखे मौके से बरामद होने का दावा किया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि 20 से 25 राउंड गोलियां दोनों पक्षों की ओर से चली हैं।
दोनों पक्षों के आठ लोग नामजद
पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में एक पक्ष से विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू राणा (सामंत पट्टी, चंदपा), संदीप (गढ़ी बलना, हाथरस जंक्शन), हिस्ट्रीशीटर मोना ठाकुर (नगला इमलिया) व सूर्या और दूसरे पक्ष से शानू (गंगचोली, हाथरस जंक्शन), अनुज उर्फ घोड़ी (पुत्र कुंवरपाल उर्फ घोड़ी, निवासी गंगचोली), जितेंद्र (खेड़ा परसौली, चंदपा) और हेमू ठाकुर उर्फ सचिन (गंगचोली) को नामजद किया है। कुछ साथी अन्य में भी शामिल हैं। पुलिस इनकी पहचान करने में जुटी है।
-घटना में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई हैं। चिरंजीवनाथ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें