पकड़े गए अभियुक्त पंकज के दोस्त अमित और बॉबी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाईकिलें बरामद हुईं थीं। इस मामले में पंकज वांछित चल रहा था।
मिशन शक्ति व एसओजी टीम और थाना हसायन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। 25 हजार का इनाम था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद किया है।
विज्ञापन
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 1 अक्तूबर को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांव जाऊ के लिए जाने वाले रास्ते के पास से एक शातिर वाहन चोर कहीं जाने की फिराक में है और कोई घटना कर सकता है। सूचना पर एसओजी, थाना हसायन पुलिस और मिशन शक्ति की संयुक्त टीम इस रास्ते में चेकिंग कर रही थी। तभी टीम को एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिया।
विज्ञापन
पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका। घेराबंदी करने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी पंकज निवासी बस्तोई थाना हसायन घायल हो गया। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार पंकज शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ थाना हसायन में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी एक्ट व मारपीट जैसी धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं।
13 सितंबर को किया गया था इनाम घोषित
एएसपी ने बताया कि 4 अगस्त को एसओजी टीम व थाना हसायन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त पंकज के दोस्त अमित निवासी करारमई और बॉबी निवासी बदनपुर थाना हसायन को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाईकिलें बरामद हुईं थीं। इस मामले में पंकज वांछित चल रहा था। पंकज की गिरफ्तारी पर एसपी ने 13 सितंबर को 25 हजार का इनाम घोषित किया था।