गांव रसूलपुर में 20 जून की शाम को एक लाख रुपये के बकाया पर संयोजन कटने से नाराज उपभोक्ता ने हंगामा खड़ा कर दिया। लाइन कटते ही उपभोक्ता और उसके परिजनों ने विद्युत कर्मियों को खंभे से नहीं उतरने दिया। उपभोक्ता का पुत्र खुद भी खंभे पर चढ़ गया और लाइन जोड़ने की जिद पर अड़ गया। उसका कहना था कि जब तक लाइन नहीं जुड़ेगी वह न तो खुद खंभे से उतरेगा और न कर्मियों को उतरने देगा।
इसकी सूचना विद्युत अधिकारियों और पुलिस को भी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने समझा-बुझाकर उसे खंभे से उतारने का प्रयास किया, लेकिन उपभोक्ता रमेशचंद्र निवासी रसूलपुर के पुत्र भोला ने साफ कह दिया कि जब तक उसकी लाइन नहीं जोड़ी जाएगी। तब तक वह न तो खुद खंभे से उतरेगा और न हीं कर्मचारी को उतरने देगा। उपभोक्ता का कहना था कि उसका बिल भी सही नहीं किया जा रहा। पुलिस कर्मियों ने उपभोक्ता की लाइन को दोबारा जुड़वाया। इसके बाद उपभोक्ता के पुत्र को समझाकर खंभे से उतारा गया।
अवर अभियंता पुष्पेंद्र कुमार विमल बकाया पर उपभोक्ता के नलकूप संयोजन की केबल उतरवाने के लिए कर्मी भेजे गए थे, लेकिन केबल उतरवाते ही उपभोक्ता ने हंगामा कर दिया। फिलहाल उसकी लाइन को जोड़ दिया गया है। बिल हर हाल में वसूल किया जाएगा।