बातों में फंसाकर महिला से नकदी-आभूषण ठगे
तालाब चौराहे पर भरतपुर निवासी महिला को दो शातिरों ने बनाया निशाना
महिला से 30 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, जंजीर, मोबाइल फोन ले गए शातिर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली क्षेत्र के तालाब चौराहा पर दो बदमाशों ने एक महिला के साथ ठगी की घटना को अंजाम दिया। शातिर महिला को बांतों में फंसाकर नगदी, आभूषण और उसका मोबाइल फोन ले गए। महिला ने इस मामले की शिकायत कोतवाली में की है।
राजस्थान के जनपद भरतपुर के रूपवास निवासी थान सिंह की बेटी की ससुराल हाथरस के चिंता की गढ़ी में है। थान सिंह की पत्नी लक्ष्मी शुक्रवार को अपनी बेटी के यहां आई। वह तालाब चौराहे पर अपने दामाद पूरन सिंह का इंतजार कर रही थी। इस बीच लक्ष्मी के पास दो शातिर शख्स आए और उससे कहने लगे की तेरे परिवार में काफी परेशानी चल रही है। तेरी बेटी भी परेशान है। महिला उनकी बातों में आ गई और उनकी हां में हां मिलाने लगी।
इस बीच शातिर बदमाशों ने उसके गले की सोने की चेन, अंगूठी उतरवा ली और उसके पास मौजूद 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी कब्जे में कर लिया। महिला ने बताया कि शातिर शख्स उसे चकमा देकर वहां से रफूचक्कर हो गए। महिला को इसकी भनक उनके जाने के बाद हुई, जब वह कहीं नजर नहीं आए। यहां पर आए महिला के दामाद पूरन सिंह व बेटी ममता उसे कोतवाली ले गए और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली प्रवेश राणा ने बताया कि महिला के साथ ठगी की घटना हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।