सादाबाद कोतवाली क्षेत्र से 20 दिन में चार किशोर लापता हो गए हैं। इनके परिजन खासे परेशान हैं और रो-रोकर बेहाल हैं। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर इनकी तलाश शुरू कर दी है।
पहला मामला गांव खेड़ा बरामई का है। यहां के राजवीर सिंह का पुत्र अनुज कुमार (16) तीन जुलाई से लापता है। अनुज ने 25 जून को वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दीक्षा ली थी। वह लाइब्रेरी जाने की बात कहकर घर से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा।
दूसरा मामला ग्राम आरती का है, यहां की रजनी ने बताया कि छह जुलाई को स्कूल न जाने पर डांटने के बाद उनका पुत्र हेम कुमार (14) कहीं चला गया। 15 जुलाई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।
तीसरा मामला ऊंचागांव (सुसाइन) का है, यहां के दिनेश कुमार ने बताया कि उनका पुत्र शिवा (17) बीती 13 जुलाई की शाम घर से निकला और तब से लापता है। चौथा मामला प्रकाश नगर का है, यहां के निवासी ओमप्रकाश का पुत्र विष्णु 12 जुलाई को पड़ोसी धर्मेंद्र के साथ घर से निकला था। इसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है।
विष्णु और धर्मेंद्र दोनों किशोर लापता हैं। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि संभावित स्थानों पर तलाश जारी है। परिजनों के संपर्क में रहकर हर पहलू की जांच की जा रही है। जल्द से जल्द सभी किशोरों को तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।