हाथरस। आज मंगलवार से सीबीएसई की 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इन परीक्षाओं के लिए जनपद में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को परीक्षा आयोजित कराए जाने की तैयारियां की गईं। जिले भर में 1,600 से ज्यादा परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।सिकंदराराऊ के अमोलचंद्र जैन और हाथरस के सेकसरिया सुशीला देवी स्कूल, सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज और राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों पर सुबह साढे़ दस बजे से परीक्षा प्रांरभ होगी। यह परीक्षा एक बजे तक चलेगी। सोमवार को परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान तैयार किया गया और सीटों पर विद्यार्थियों के अनुक्रमांक पत्र चिपकाए गए। परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक सचल दस्तों का भी गठन किया गया। यह सचल दस्ते समय समय पर परीक्षा कक्षों में परीक्षार्थियों की तलाशी लेंगे। परीक्षा कक्षों में कक्ष निरीक्षकों की भी ड्यूटी तय की गई। इधर, परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन प्रवेश पत्र भी प्राप्त कर लिए। इन्हीं प्रवेश पत्रों के सहारे परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे।
इन चार केंद्रों पर परीक्षा देंगे परीक्षार्थी- शहर में परीक्षा केंद्र सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, ब्राइट कैरियर पब्लिक स्कूल रूहेरी, एसबीएस सलेमपुर, यूनियन पब्लिक स्कूल सासनी, सीमेक्स पब्लिक स्कूल सासनी के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। - परीक्षा केंद्र सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज हाथरस, सीपीएस सादाबाद, संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल सादाबाद, बीएस पब्लिक स्कूल सादाबाद, साइमा मंसूर पब्लिक स्कूल परसारा, अमोलचंद पब्लिक स्कूल सिकंदराराऊ के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। - परीक्षा केंद्र राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर में सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल हाथरस, आरपीएम पब्लिक स्कूल हाथरस और केंद्रीय विद्यालय हाथरस के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। - परीक्षा केंद्र अमोलचंद्र पब्लिक स्कूल सिकंदराराऊ में जवाहर नवोदय विद्यालय अगसौली सिकंदराराऊ के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।