सीएमओ डाॅ. वेदप्रकाश ने शनिवार को सीएचसी सासनी का निरीक्षण किया। यहां पर एक डॉक्टर सहित तीन कर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ सुबह साढ़े आठ बजे अस्पताल पहुंचे। डेंटल सर्जन डॉ. अनु अग्रवाल बिना किसी सूचना के अवकाश पर मिलीं। बीपीएम प्रशांत कुमार और डीईओ अमित सेंगर भी नहीं मिले। इनका वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया गया है। इधर, एनसीडी कक्ष में तैनात काउंसलर अंशु गौड़ बुनियादी सवालों का जवाब नहीं दे सकीं।
अस्पताल की लैब में 73 तरह की जांचें होनी चाहिए, लेकिन ऑटोमेटिक एनालाइजर बंद होने से सीबीसी, डेंगू और मलेरिया जैसी जांचें नहीं हो रही हैं। हेपेटाइटिस किट भी नहीं मिली और ''हेल्थ एटीएम'' भी खराब मिला। अस्पताल के दोनों वाटर कूलर खराब मिले। लेबर रूम और अस्पताल में मेडिकल कचरा प्रबंधन में भी लापरवाही पाई गई।
चिकित्सकों की कमी को देखते हुए सीएमओ ने आरबीएसके टीम के एक चिकित्सक को रोजाना सीएचसी की ओपीडी में बैठने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा है कि बिना सूचना अनुपस्थित कर्मियों से जवाब मांगा गया है। बंद मशीनों व खराब हेल्थ एटीएम को चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।