चंदपा थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट की संयुक्त टीम ने आगरा-अलीगढ़ हाईवे के पास मीतई गांव की पुलिया से चार वाहन चोरों को पकड़ा है। यह सभी अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की पांच बाइकें पुलिस ने बुलेट, अपाचे, सुपर स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस और प्लेटिना बाइक बरामद की हैं।
पकड़े गए आरोपियों में राज उर्फ राजा निवासी ग्राम सेहरी, थाना गोंडा जिला अलीगढ़, पंकज निवासी लालगढ़ी थाना सासनी, कालू उर्फ किशनपाल निवासी नगला संती, थाना इगलास जिला अलीगढ़ और अंकित उर्फ तरुण निवासी अजरोही, थाना सासनी जिला हाथरस शामिल हैं। उनके पास से तमंचा और कारतूस भी मिला है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि बरामद ग्रे-ब्लैक रंग की बुलेट चंदपा थाना क्षेत्र के श्री भगवान धर्मकांटा से चुराई थी, जिसकी रिपोर्ट दर्ज है। सुपर स्प्लेंडर बाइक हाथरस गेट क्षेत्र से, सफेद अपाचे दिल्ली के कृष्णानगर से और स्प्लेंडर प्लस बाइक हाथरस शहर से चोरी की थी।
घर से जेब खर्च न मिलने पर बने चोर
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि घर से शौक-मौज के लिए घर से जेब खर्च नहीं मिलता था। मांगने पर भी घर वाले पैसे नहीं देते थे। इस पर उन्होंने मिलकर बाइक चोरी का काम शुरू कर दिया। हाथरस के साथ ही अलीगढ़, दिल्ली आदि जगहों से दोपहिया वाहन चुराते थे। चोरी के इन वाहनों को राह चलते अनजान राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम आपस में बराबर बांटकर अपने शौक पर खर्च कर रहे थे। शनिवार को भी यह सभी आरोपी चोरी की बाइकों को बेचने के इरादे से एक जगह एकत्र हुए थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पंकज पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी पंकज शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर हाथरस के साथ जनपद अलीगढ़ और गौतम बुद्धनगर (नोएडा) के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं के तहत पांच से अधिक मामले दर्ज हैं। सूरजपुर (नोएडा) और इगलास (अलीगढ़) थानों में भी उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।