पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी ने अधिकारियों पर उनके लोगों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारियों को उनसे चिढ़ है तो वे क्षेत्र छोड़कर बाहर जाने को तैयार हैं।
पूर्व विधायक ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सार्वजनिक कार्यों में प्रशासन का सहयोग अपेक्षित होता है। लेकिन, सिकंदराराऊ क्षेत्र में प्रशासन की उपेक्षा से जनहित के कई कार्य अटके पड़े हैं। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड का निर्माण प्रशासन द्वारा भूमि उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण अटका पड़ा है। जयवीर सिंह पुत्र महेश सिंह निवासी खेड़िया टप्पा का नाम प्रधानमंत्री आवास सूची में दो वर्ष से है लेकिन अब तक उसे आवास नहीं मिला है।
विधायक वीरेंद्र राना के प्रतिनिधि व पुत्र गांव गए तो आवास का आश्वासन देकर आए थे लेकिन उनके गांव का होने के कारण उसे आवास नहीं मिला। महमूदपुर गांव में सरकारी पशु चिकित्सालय है लेकिन तीन वर्षों से चिकित्सक अस्पताल में नहीं आते हैं। डीएम साहब अस्पताल का निरीक्षण कर लें तो असलियत जान जाएंगे। गांधी ने कहा गांव में बूथ के लिए तीन-तीन सरकारी स्थान है।
लेकिन इस बार उन्हें परेशान करने के लिए आधे गांव का बूथ दूसरे गांव खेड़िया टप्पा में बना दिया गया। विधायक ने चेतावनी दी है उनसे अगर किसी को परेशानी है तो वह क्षेत्र छोड़ कर बाहर जाने को तैयार हैं लेकिन गरीब पात्रों की उपेक्षा उन्हें सहन नहीं होती है।