सादाबाद (हाथरस)। पूर्व विधायक कुंवर मुस्तमंद अली खां उर्फ छाबी मियां (92) का मंगलवार देर शाम निधन हो गया। वह पिछले करीब एक वर्ष से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
छाबी मियां वर्ष 1985 और 1989 में सादाबाद से विधायक चुने गए थे। उन्होंने लोकदल और जनता दल के टिकट पर चुनाव जीता था। विधायक बनने से पहले वह परिवहन विभाग में अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे थे। बताया जाता है कि उन्होंने अधिकारी के रूप में सेवाएं देते हुए कभी वेतन नहीं लिया।
वह पूर्व राज्यमंत्री कुंवर अशरफ अली खां के चचेरे भाई और साले भी थे। छाबी मियां वर्तमान में आगरा के बालूगंज स्थित अपनी कोठी में रह रहे थे। पूर्व राज्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर जावेद अली खां के पुत्र कुंवर महमूद अली खां ने उनके निधन की पुष्टि की है। सादाबाद में उनके नाम से छाबी मियां बाग भी स्थित है, जो लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक सभाओं का प्रमुख केंद्र रहा है। संवाद