संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद नगर में बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में एसडीएम राजेश कुमार, सीओ ब्रहम सिंह, ईओ लल्लनराम यादव ने पुलिस फोर्स और नगर पंचायत की टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से सड़क की पटरियों, नालों पर अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण को जेसीबी के जरिए हटवा दिया गया। इस अभियान से खलबली मची रही।
गौरतलब हो कि सादाबाद नगर में अतिक्रमणकारियों के हौसले लगातार बुलंद बने हुए हैं। सड़क की पटरियों को पूरी तरह से कब्जा लिया गया है। अतिक्रमणकारियों ने फुटपाथ व पटरियों को किराए पर उठा रखा है तो वहीं दुकान के आगे ढकेल और फिर उसके आगे फड़ लगवा रखे हैं, जिससे मुख्य बाजार का मार्ग काफी संकरा हो गया है। समस्या के समाधान के लिए बुधवार को चलाए गए अभियान में अफसरों ने गणेश द्वार से लेकर राममंदिर गली तक सड़कों पर अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण को हटवा दिया।
अतिक्रमणकारियों को फिर से अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। अतिक्रमण हटवाने के दौरान बाजार में कई जगह अफसरों की अतिक्रमणकारियों से नोकझोंक भी हो गई। कुछ लोगों ने भेदभाव के भी आरोप लगाए। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को हाईवे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कोतवाल डीके सिसौदिया, स्वच्छता निरीक्षक वीरेंद्र चौहान आदि भी मौजूद रहे।
टीम के लौटते ही फिर हो गया अतिक्रमण
बाजार से जब टीम अतिक्रमण को हटवाने के बाद वापस लौटी तो कुछ बेखौफ अतिक्रमणकारियों ने फिर से दुकानों के आगे तख्त, तिरपाल और सामान लटकाकर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया। प्रशासन की कार्यवाही को लेकर इनमें जरा भी भय दिखाई नहीं दिया।
सादाबाद में अतिक्रमण की जद में आ रहे टीनशेड को ढहाती जेसीबी- फोटो : SADABAD