शहर की तीन मेडिकल एजेंसियों पर शुक्रवार को औषधि विभाग की टीम ने छापा मारा। इन एजेंसियों से दवाओं के कुल छह नमूने संग्रहित किए गए। इन दवा विक्रेताओं को बिक्री रिकॉर्ड प्रस्तुत न करने पर सात दिन का नोटिस जारी किया गया।
औषधि निरीक्षक पूरनचंद्र ने ड्रग कंट्रोलर के आदेश पर यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों आंध्र प्रदेश में कुछ दवाएं नकली पाईं गईं थी, जिसे लेकर सभी जनपदों में इन दवाओं के नमूने लेने के लिए निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत उन्होंने हाथरस शहर से नयागंज स्थित गामा एजेंसी से पेंटोसिड डीएसआर कैप्सूल, चर्मोली फोर्ट और मैलाज फेस क्रीम के नमूने संग्रहित किए हैं।
इसके अलावा नगर पालिका स्थित बालाजी मेडिसन एजेंसी से स्किन लाइट फेस क्रीम और नगर पालिका स्थित मोहिनी एंटरप्राइजेज से इंजेक्शन प्रो-मिल्क प्रोटीन और अंजीलुम टेबलेट के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए लखनऊ लैब भेज दिए गए हैं। इन एजेंसी संचालकों ने दवाओं के खरीद बिल तो मौके पर प्रस्तुत कर दिए, लेकिन सेल रिकॉर्ड नहीं दिखा सके। औषधि निरीक्षक द्वारा इन एजेंसी संचालकों को सात दिन में सेल रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं।