मेंडू कस्बे के लोगों को जल्द ही मथुरा-बरेली राजमार्ग पर पैदल चलने के लिए सुरक्षित फुटपाथ की सुविधा मिलेगी। नगर पंचायत मेंडू की ओर से कस्बे के बाहर मुख्य मार्ग पर करीब 66 लाख रुपये की लागत से करीब एक किलोमीटर लंबे फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है।
यह फुटपाथ सड़क की सतह से लगभग छह इंच ऊंचा बनाया जा रहा है। इससे पैदल चलने वालों को अलग सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा। लंबे समय से इस मार्ग पर पैदल यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, वहीं हादसों की भी आशंका बनी रहती थी। फुटपाथ के निर्माण से न केवल पैदल यात्रियों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है। नगर पंचायत अध्यक्ष सचेंद्र कुशवाहा के अनुसार कार्य तेजी से चल रहा है और इसे मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।