रेस्टोरेंट में गंदगी देखकर नाराजगी व्यक्त करती खाद्य राज्य मंत्री की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ से आई खाद्य राज्य मंत्री की छह सदस्यीय टीम ने गुरुवार को जिले का भ्रमण किया। टीम ने कई कोटे की दुकानों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं। इन अनियमितताओं को दूर कराने के अधीनस्थ अफसरों को निर्देश दिए।
टीम मेें शामिल मंत्री की प्रतिनिधि मिथलेश गौतम और अन्य पांच सदस्यों ने लोहिया गांव खेड़ा बरामई, गोपालपुर, हतीसा-भगवंतपुर की कोटे की दुकानों का निरीक्षण किया। यहां कई दुकानों पर पात्र लोगों ने उनसे उनके राशन कार्ड नहीं बनाए जाने और कई पात्र लोगों ने निर्धारित मात्रा में राशन सामग्री का वितरण नहीं किए जाने की शिकायत की।
इन पर प्रतिनिधि ने काफी नाराजगी जाहिर की और शिकायतों की जांच के संबंध में साथ मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्हाेंने कहा कि जिले में पात्र लोगों को ही राशन सामग्री का वितरण होना चाहिए, जिससे सरकार की योजना का सही तरीके से क्रियान्वयन हो सके। इसके अलावा उन्हाेंने अलीगढ़ रोड स्थित अन्यया रेस्टोरेंट और आगरा रोड स्थित तड़का रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
यहां गंदगी मिलने पर उनका पारा हाई हो गया। तड़का रेस्टोरेंट से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खोए का नमूना भी लिया। छह सदस्यीय टीम में वीरेंद्र राव, एसपी शर्मा, बबिता सिंह सिसौदिया, राहुल सिसौदिया व गरिमा सिंह थीं। टीम के साथ जिला स्तरीय अधिकारियों में डीओ एफडीए श्वेता सैनी, डीएसओ सुरेंद्र सिंह यादव, एसडीएम सदर राकेश गुप्ता आदि मौजूद थे।
प्रतिनिधि के औचक निरीक्षण से कोटेदारों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही।