नोएडा की फैक्टरियों में हजारों कर्मियों के लगातार प्रदर्शन के बाद स्थानीय जिला प्रशासन की नींद भी टूट रही है। बृहस्पतिवार को डीएम अतुल वत्स ने एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ सासनी में अलीगढ़ रोड स्थित जीआरटीएस फूड प्राइवेट लिमिटेड की गहन जांच की। सख्त निर्देश दिए कि स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों को नियमानुसार मासिक एवं दैनिक वेतन का समयबद्ध भुगतान किया जाए।
अफसरों ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान, श्रम सुरक्षा उपकरणों और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। एसडीएम एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को कंपनी के अभिलेखों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों की जानकारी ली। कंपनी संचालक ने बताया कि अस्थायी कर्मचारी प्रतिदिन कार्य के लिए आते हैं, जिनके माध्यम से उत्पादन कराया जाता है।
डीएम औद्योगिक इकाइयों की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों को मिल रहीं सुविधाओं और उत्पादों की गुणवत्ता जानने के उद्देश्य से भ्रमण कर रहे हैं। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और परिसर में सफाई करने के निर्देश दिए। तैयार उत्पादों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, फायर सेफ्टी, मशीनरी के उपयोग तथा उत्पादन प्रक्रिया देखी। एसडीएम नीरज शर्मा, सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।