कॉलेज में फायिरंग के बाद मौके पर जांच करती पुिलस।
- फोटो : amar ujala
सिकंदराराऊ नगर के हाथरस रोड स्थित रामचंद्र महाविद्यालय में शुक्रवार को बीएसएसी द्वितीय वर्ष की केमिस्ट्री परीक्षा के दौरान सायं साढ़े पांच बजे मुख्य गेट पर दो गुटों की भिड़ंत के बाद हुई फायरिंग से सड़क पर अफरातफरी मच गई। घटना में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है। इस संबंध में पुलिस ने पूछताछ के लिए स्कूल प्रबंधक समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है।
विद्यालय प्रबंधक राम बहादुर सिंह के अनुसार शाम को साढ़े पांच बजे जब पेपर समाप्त होने को था, तभी कुछ लड़के शराब पीकर परीक्षा कक्ष में घुस गये तथा लड़कियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी तथा उनका वीडियो बनाने लगे। इस बात का विरोध किया गया तो इन्होंने मारपीट प्रारंभ कर दी।
उन्होंने स्कूल में फायरिंग होने की बात से इनकार किया, लेकिन सड़क से गुजर रहे प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने स्कूल परिसर से कई राउंड गोलियां चलने की आवाजें सुनी। फायरिंग होते ही परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं में चीख पुकार मच गई, किसी तरह परीक्षा संपन्न कराई गई।
घटना की सूचना पर एसडीएम केहरी सिंह, सीओ राकेश वशिष्ठ, तहसीलदार राजेश राय और एसओ जगदीश चंद्र पहुंच गये। वे विद्यालय प्रबंधक समेत कई को पूछताछ हेतु कोतवाली ले आये। मामले को लेकर सीओ का कहना था कि फायरिंग तो हुई है। किसने की, क्यों हुई, इसका पता जांच के बाद लगेगा। इधर स्कूल के सामने सड़क पर ढाबे वाले ने बताया कि दो दिन पूर्व पास के गांव वालों का स्कूल के स्टाफ से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। शुक्रवार को उसी गांव के युवक स्कूल पर पहुंच गये तथा कॉलेज में झगड़ा प्रारंभ हो गया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधक समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।