मेंडू। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला अलिया में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने डायल 112 पर अपने दो बच्चों के स्कूल से वापस न लौटने और अपहरण की सूचना दी। महिला ने गांव के ही एक किशोर पर बच्चों को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अपहरण की बात गलत है और महिला के दोनों बेटे अपने साथी तीन साथियों के साथ बिना बताए अर्टिगा कार से मथुरा स्थित प्रेम मंदिर घूमने चले गए हैं।
पुलिस ने कार चालक पवन कुमार निवासी मेंडू से मोबाइल फोन पर संपर्क किया। चालक से बात होने के बाद पांचों बच्चों को सकुशल वापस लाया गया। पुलिस ने सभी बच्चों से पूछताछ और आवश्यक जानकारी लेने के बाद नियमानुसार उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि जांच में अपहरण की सूचना झूठी पाई गई और सभी पांचों बच्चे सुरक्षित अपने परिवारों को सौंप दिए गए हैं।