संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
अलीगढ़ जिले के थाना गांधी पार्क, थाना क्वारसी, जवां और एसओजी की टीम ने बुधवार की रात को नगर के मोहल्ला मोहल्ला नौखेल और शाहबुददीनगंज में दबिश दी। पुलिस ने यहां से भैंस और वाहन चोरी के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अलीगढ़ पुलिस इन आरोपियों को अपने साथ ले गई। इस दौरान मोहल्लों में काफी गहमागहमी रही। गिरफ्तार लोगों में वह भी शामिल हैं, जोकि चोरी की भैंस खरीदते थे। दबिश के दौरान काफी पुलिस बल भी पुलिस टीम के साथ था।
कई दिन से कोतवाली पर अलीगढ़ जिले के कई थानों की पुलिस नगर के कई मोहल्लों में रह रहे आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के बारे में सुराग लगा रही थी। इनमें से कई लोग तो नदरई (कासगंज) के पशु चोर बंजारे गैंग के सदस्य बताए जाते हैं। कुछ वाहन चोर थे तो कई चोरी की भैंस खरीदते थे। अलीगढ़ के थाना क्वारसी, जवां एवं गांधी पार्क इलाके से वाहन चोरी कर कई भैंसों की चोरी हो चुकी थी। थानों में भैंस चोरी के दौरान फायरिंग और डकैती के मामले दर्ज थे।
बुधवार की रात को कोतवाल प्रवेश राणा ने दबिश की योजना तैयार की। रात को तीन थानों के पुलिस बल के अतिरिक्त अलीगढ़ की एसओजी टीम भी रही। रात में दबिश का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह काफी देर तक चला। पुलिस ने इन मोहल्लों से इश्त्याक, बोना, नाजिम सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें चाहन चोरी, भैंस चोरी और चोरी के पशु खरीदने के आरोपी शामिल थे। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया जो आरोपी घर पर नही मिले हैं, उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उनको भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।