जिला अस्पताल में फिटनेस की ऑनलाइन प्रक्रिया कराता आवेदक। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जरूरी फिटनेस प्रक्रिया में आ रही तकनीकी अड़चनों ने आवेदकों की परेशानी बढ़ा दी है। पोर्टल पर फोटो मिसमैच होने की समस्या के कारण काम धीमी गति से चल रहा है, जिससे लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया अटकी हुई है और आवेदकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नियमानुसार 40 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों, लाइसेंस नवीनीकरण कराने वालों और कॉमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र (फॉर्म 1-ए) अनिवार्य है। आवेदकों के अनुसार पोर्टल में दिक्कत बताकर कई दिनों से फिटनेस जारी नहीं हो पा रहे, जिस कारण उन्हें रोजाना चक्कर लगा रहे हैं।
ऑनलाइन पोर्टल पर फोटो अपलोड करने के दौरान मिसमैच की दिक्कत आ रही है। एक आवेदन का फोटो अपलोड करने में ही 10 से 15 मिनट का समय लग जा रहा है। धीमी प्रक्रिया के चलते पूरे दिन में मुश्किल से 15 लोगों की ही फिटनेस हो पा रही है। इस कारण ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन पा रहे हैं।
फिटनेस प्रमाणपत्र के लिए जिला अस्पताल में रोजाना आवेदकों की भीड़ जुट रही है। तय संख्या से कम काम होने के कारण कई लोगों को बिना प्रक्रिया पूरी हुए ही लौटना पड़ रहा है। बार-बार चक्कर लगाने से आवेदकों में परेशानी और नाराजगी देखी जा रही है। सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पोर्टल में दिक्कत आ रही थी, लेकिन अब सुधार हुआ है। फिटनेस प्रमाणपत्र बनने लगे हैं। सोमवार को दिक्कत पूरी तरह दूर होने की संभावना है।