ट्रांसफॉर्मर में लगी आग बुझाते फायर बिग्रेड के कर्मी।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
नगर के मुख्य बाजार में गांधी पार्क के निकट लगे दो ट्रांसफॉर्मरों में रविवार की रात तेज धमाके से आग लग गई। ट्रांसफॉर्मरों से आग की ऊंची ऊंची लपटें उठने लगीं। आसमान में उठ रहे धुएं को देखकर मौके पर काफी लोग आ गए। सूचना पर पुलिस और बिजली महकमे की टीम पहुंच गई। मौके पर आईं फायर ब्रिगेड की टीम ने दो दमकलों के जरिये जलते हुए ट्रांसफॉर्मरों पर पानी डाला, तब जाकर बमुश्किल करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। आग से दोनों ट्रांसफॉर्मर जलकर फुंक गए।
बीच बाजार में लगे इन 250 और 400 केवीए के दो ट्रांसफॉर्मरों में आग लगने की सूचना जैसे ही बिजली महकमे को हुई, वैसे ही अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए लाइन को बंद करा दिया। ट्रांसफॉर्मरों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में धुएं के गुबार उठने लगे। ट्रांसफॉर्मर के पास स्थित दुकानों के दुकानदार भी किसी भी नुकसान के भय से अपनी दुकानों पर आ गए, लेकिन गनीमत यह रही कि इस समय लॉक डाउन चल रहा है। यदि आसपास की दुकानें खुली होतीं तो ट्रांसफॉर्मर में लगी आग से कोई भी बड़ा हादसा घटित हो सकता था। ट्रंासफॉर्मर में आग लगने की वजह से पूरी रात निरंजन बाजार और सब्जी मंडी सहित कई इलाकों की बिजली गुल रही। पूरी रात लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की वजह लॉकडाउन में हो रही बिजली की चोरी से ट्रंासफॉर्मरों पर पड़ रहे अतिरिक्त लोड को माना जा रहा है। फिलहाल, सोमवार को जेई अमित गुप्ता ने उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाते हुए 250 केवीए के ट्रांसफॉर्मर को बदलवा दिया, जबकि 400 केवीए के ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर ट्रांसफॉर्मर ट्रॉली लगाकर विद्युत आपूर्ति को सुचारू करा दिया।
सादाबाद में ट्रांसफॉर्मर में लगी आग। - फोटो : SADABAD