हाथरस। शहर के गुड़िहाई बाजार स्थित साइकिल के एक शोरूम में गुरुवार देर रात आग लग गई। उस समय संचालक का परिवार इमारत की ऊपरी मंजिल पर सोया हुआ था। जलने की दुर्गंध उठने के बाद आग लगने की जानकारी हुई। इसके बाद मोहल्ले वालों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू किया। आग से 100 से अधिक साइकिलें खराब हो गईं। सूचना दिए जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड के नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश था। आग का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
गुड़िहाई बाजार में शिवशंकर गुप्ता का सायकिल का शोरूम है। इसके ऊपर की दूसरी और तीसरी मंजिल पर वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे शिवशंकर गुप्ता की पत्नी को कुछ जलने की दुर्गंध आई। इस पर उन्होंने परिवार के लोगों को जगाया। शिवशंकर गुप्ता ने परिजनों को तीसरी मंजिल पर पहुंचाया और जीने से उतरकर शोरूम तक पहुंचे।
नीचे जाकर देखा कि टायरों में आग लगी थी। इससे शोरूम में मौजूद 100 से अधिक छोटी-बड़ी साइकिलें बेकार हो गईं। शिवशंकर गुप्ता ने पड़ोसियों को नींद से जगाकर उनकी मदद से सबमर्सिबल चलाकर आग बुझाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मोहल्ले के दूसरे लोग भी आग बुझाने में जुट गए। डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। शिवशंकर गुप्ता के मुताबिक आग से उन्हें लाखों रुपये की क्षति का अंदेशा है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।