आग बुझाते अग्निशमन विभाग के कर्मी।
- फोटो : samvad
बिसावर क्षेत्र के चांदनी चौक बाजार में सोमवार देर रात डेढ़ बजे एक मिष्ठान भंडार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बिसावर पुलिस चौकी की टीम उस वक्त भ्रमण पर थी। टीम को चांदनी चौक स्थित खूशबू स्वीट्स भंडार से धुआं और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल आसपास के लोगों को जगाया और दुकान मालिक राधेश्याम को इसकी सूचना दी।
रोजी-रोटी का इकलौता सहारा जलने की सूचना मिलते ही दुकानदार बदहवास हो गए। वह घर से नंगे पैर, केवल बनियान और लुंगी में ही दुकान की ओर दौड़ पड़े। अपनी आंखों के सामने दुकान को धूं-धूं कर जलता देख सदमे में आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाना शुरू किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया। जब तक आग पूरी तरह शांत हुई, तब तक दुकान में रखा मिष्ठान, कच्ची खाद्य सामग्री, एक फ्रीजर, काउंटर, इन्वर्टर, बैटरी और फर्नीचर जल चुका था। पीड़ित दुकानदार के अनुसार उन्हें लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
लेखपाल को मौके पर भेजकर घटनास्थल का मुआयना कराया जाएगा। नुकसान का आकलन कर पीड़ित दुकानदार को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।
-हेमंत चौधरी, तहसीलदार।