कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव दयानतपुर स्थित धागा फैक्टरी में मंगलवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे से फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
दयानतपुर के रहने वाले गोपाल पुत्र घासीराम की गांव के बाहर गलीचे के धागे बनाने की फैक्टरी है। मंगलवार की सुबह गोदाम में माल रखा हुआ था। अचानक धुआं उठने लगा। यह देख फैक्टरी में भगदड़ मच गई। मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आग की लपटें बढ़ने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
इधर, बचे माल को आग के स्थान से हटाया गया, जिससे नुकसान को कम किया जा सके। सूचना के लगभग 10 मिनट बाद दमकल मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी माल जल चुका था। कुछ माल पानी के कारण खराब हो गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद पूरी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
गोपाल ने बताया कि आग लगने से ढाई से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन केंद्र प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।