कूड़े का ढेर कम करने के लिए क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया है। सड़क किनारे कूड़ा फेंकने वाले चार दुकानदारों पर सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. बसंत अग्रवाल ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र का निरीक्षण किया। एडीएम ने विभिन्न स्थानों पर टीमों द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। विभिन्न स्थानीय निकायों में लगभग 20 स्थलों पर कूड़े के ढ़ेरों को गठित विशेष दलों द्वारा समाप्त किया गया। निरीक्षण में चार दुकानदार सड़क पर कूड़ा फेंकते पकड़े गए। चारों दुकानदारों पर सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिवालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिवालयों में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। पुलिस लाइन के निकट चौबे वाले मंदिर का निरीक्षण भी किया। मंदिर के मार्ग में पाए गए मलवे के ढेर तथा निर्माण सामग्री को तत्काल हटाए जाने के नगर पालिका परिषद कर्मियों को निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क पर निर्माण सामग्री डंप करने वाले दोषी व्यक्तियों पर चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए।